हर जुबान पहचान की धड़कन है : प्रो (डॉ) मनु
(हिंदी सप्ताह का समापन)
भाकृअनुप–केंद्रीय रोपण फसल अनुसंधान
संस्थान, कासरगोड़, केरल
भाकृअनुप - केंद्रीय
रोपण फसल अनुसंधान संस्थान (CPCRI), कासरगोड़ में 21 सितंबर 2026 को हिंदी सप्ताह का समापन समारोह
अदब, मोहब्बत और ज़ुबान की ख़ुशबू से
सराबोर माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आग़ाज़ राष्ट्रगान, भाकृअनुप गीत और प्रार्थना से हुआ।
प्रार्थना डॉ. जयश्री एम.पी. ने प्रस्तुत की। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री
आर.एन. सुब्रमणियन ने तमाम मेहमानों और उपस्थितजनों का ख़ैर मक़दम किया। संस्थान के निदेशक डॉ.
के.बी. हेब्बार ने हिंदी और राजभाषा की गतिविधियों को संस्थान की कार्य-संस्कृति
का अहम हिस्सा बताते हुए भाषा के निरंतर प्रयोग और विकास पर ज़ोर दिया।
समारोह में हिंदी कविता पाठ और गीत प्रस्तुति ने
माहौल को साहित्यिक रंग से भर दिया। हिंदी सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न
प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। समारोह के
मुख्य अतिथि केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय के
हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. मनु ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का
उद्घाटन किया।
उन्होंने
कहा कि इंसान को इंसान से जोड़ने के लिए कभी-कभी लंबी तकरीरों की नहीं, सिर्फ़ एक सच्चे लफ़्ज़ की ज़रूरत
होती है। एक लफ़्ज़ किसी दिल में उम्मीद जगा सकता है और एक मीठी गुफ़्तगू बरसों की
दूरी मिटा सकती है। इसलिए ज़ुबान का इस्तेमाल सिर्फ़ बोलने के लिए नहीं, दिलों को जोड़ने के लिए होना चाहिए।
हिंदी की बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए
उन्होंने कहा कि हिंदी आज संवाद, संपर्क और
सांस्कृतिक मेल-मिलाप की एक महत्वपूर्ण ज़ुबान बन रही है। दक्षिण भारत में हिंदी
का अध्ययन और प्रयोग भारतीय भाषाओं के बीच एक नए संवाद का रास्ता खोल सकता है।
उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा की ज़िंदगी उसके शब्दकोश में नहीं, बल्कि उसके बोलने वालों की मोहब्बत और
रोज़मर्रा के इस्तेमाल में होती है।
इसी भाव को
उन्होंने अपनी नज़्म के जरिए से और भी
दिलनशीन अंदाज़ में पेश किया
आओ लफ़्ज़ों
में फिर नूर पैदा करें,
दिल से दिल
का कोई सिलसिला करें;
ज़ुबाँ
सिर्फ़ लबों तक महदूद न रहे,
जो दिल से
निकले, वही दिल में उतर जाए।
समारोह के
अंत में सदस्य सचिव (राजभाषा) श्री एच. मुरलीकृष्ण ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।
हिंदी सप्ताह अपने पीछे एक ख़ूबसूरत पैग़ाम छोड़ गया -- ज़ुबान तभी ज़िंदा रहती है, जब दिल में उसके लिए मोहब्बत ज़िंदा
रहती है; और जिस ज़ुबान में मोहब्बत बाक़ी
रहे, वह ज़ुबान कभी मरती नहीं।
रिपोर्टर : प्रोफेसर डॉ. मनु
पूर्व
अध्यक्ष एवं प्रोफेसर, हिंदी विभाग
केरल
केंद्रीय विश्वविद्यालय, कासरगोड़