शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026

रोजगार प्रकोष्ठ के अन्तर्गत ‘रोजगगार कौशल : प्रक्रिया और प्रयास

 



केरल केन्द्रीय विश्वविद्यालय

हिन्दी एवं तुलनात्मक साहित्य विभाग

 रोजगार प्रकोष्ठ(PLACEMENT CELL)

-रोजगार कौशल-

प्रक्रिया और प्रयास

(संगठन व्यवहार एवं कार्य नैतिकता को कुशल कैसे बनाया जाए)

 केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय में रोजगार प्रकोष्ठ के अन्तर्गत ‘रोजगगार कौशल : प्रक्रिया और प्रयास (संगठन व्यवहार एवं कार्य नैतिकता को कुशल कैसे बनाया जाए) प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन

केरल केन्द्रीय विश्वविद्यालय, कासरगोड के सिंधु ब्लॉक स्थित कक्ष संख्या 203 में दिनांक 16 अक्टूबर 2026 को हिंदी एवं तुलनात्मक साहित्य विभाग के रोजगार प्रकोष्ठ के अंतर्गत ‘लक्ष्य प्राप्ति के साथ व्यवस्थित दृष्टिकोण संगठनात्मक व्यवहार एवं कार्य नैतिकता को कुशल कैसे बनाया जाए’ विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। दोपहर 12:30 बजे से 01:30 बजे तक आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक दृष्टिकोण, संगठनात्मक व्यवहार, कार्य नैतिकता तथा रोजगारोन्मुख कौशल के प्रति जागरूक करना था।




इस प्रशिक्षण कार्यशाला का उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे भाषा एवं साहित्य विद्यापीठ के संकायाध्यक्ष एवं हिंदी एवं तुलनात्मक साहित्य विभाग के विभागाध्यक्ष प्रो.(डॉ.) तारु एस. पवार सर ने किया।




कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन हिंदी एवं तुलनात्मक साहित्य विभाग की सहायक आचार्य एवं रोजगार प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. सीमा चंद्रन मैडम ने किया। उन्होंने उपस्थित अतिथियों एवं प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला के उद्देश्यों और वर्तमान समय में इसकी प्रासंगिकता पर संक्षिप्त प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास तथा उनके भविष्य के व्यावसायिक जीवन में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों की महत्ता को रेखांकित किया।

 



कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे विभागाध्यक्ष प्रो. (डॉ.) तारु एस. पवार ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि युवाओं को सकारात्मक ऊर्जा, आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि सही सोच, स्पष्ट दिशा और सुनियोजित प्रयास व्यक्ति को सफलता की ओर अग्रसर करते हैं। उनके अनुसार, लक्ष्य प्राप्ति के लिए केवल इच्छाशक्ति ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि अनुशासन, निरंतरता और कार्य के प्रति समर्पण भी आवश्यक हैं।




इस कार्यक्रम में केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय के प्रबंधन अध्ययन विभाग (Department of Management Studies) के विभागाध्यक्ष डॉ. अरविन्द गजाकोष सर मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने विस्तृत एवं प्रेरणादायी व्याख्यान में खेल जगत की सफल हस्तियों के उदाहरणों के माध्यम से विद्यार्थियों को लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन, समय प्रबंधन और निरंतर अभ्यास का महत्त्व समझाया। उन्होंने कहा कि युवाओं को अपने लक्ष्य और कार्य के प्रति सदैव सजग रहना चाहिए तथा सफलता प्राप्त करने के लिए योजनाबद्ध ढंग से प्रयास करना चाहिए।

  डॉ. गजाकोश ने विद्यार्थियों को अकादमिक अध्ययन के साथ-साथ व्यावहारिक एवं रोजगारोन्मुख कौशल विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट किया कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक परिवेश में केवल शैक्षणिक योग्यता पर्याप्त नहीं है, बल्कि प्रभावी संवाद कौशल, संगठनात्मक व्यवहार, टीम भावना, कार्य नैतिकता और समस्या-समाधान की क्षमता भी अत्यंत महत्त्वपूर्ण हैं। उनके विचारों ने विद्यार्थियों को अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक विकास के प्रति अधिक सजग होने की प्रेरणा प्रदान की।



कार्यक्रम के अंत में हिंदी एवं तुलनात्मक साहित्य विभाग के परास्नातक प्रथम वर्ष के विद्यार्थी श्रवण ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। उन्होंने मुख्य वक्ता के प्रेरणादायी विचारों का उल्लेख करते हुए कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विभागाध्यक्ष, शिक्षकों एवं सभी प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।






कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभाग की सहायक आचार्य एवं रोजगार प्रकोष्ठ की संयोजिका डॉ. सीमा चंद्रन ने मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता डॉ. अरविन्द गजाकोश को स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

   इस मौके पर विभाग के सहायक आचार्य डॉ. राम विनोद रे सर, सहायक आचार्य डॉ. धर्मेंद्र प्रताप सिंह सर, विभाग के शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहें ।





यह कार्यशाला विद्यार्थियों के लिए लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच, संगठनात्मक व्यवहार, कार्य नैतिकता तथा रोजगारोन्मुख कौशल के महत्त्व को समझने का एक सार्थक अवसर सिद्ध हुई। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपने शैक्षणिक जीवन के साथ-साथ भविष्य के व्यावसायिक जीवन में भी अनुशासन, दक्षता और सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया।

इस प्रशिक्षण कार्यशाला के उपरांत विद्यार्थियों से कार्यशाला के विभिन्न पहलुओं के संबंध में फीडबैक भी प्राप्त किया गया। इसके माध्यम से कार्यशाला की उपयोगिता, प्रशिक्षण की प्रभावशीलता तथा विद्यार्थियों के सीखने के अनुभवों का आकलन किया गया। विद्यार्थियों द्वारा दिए गए सुझावों एवं प्रतिक्रियाओं को भविष्य में इस प्रकार की कार्यशालाओं को और अधिक प्रभावी, उपयोगी एवं परिणामोन्मुख बनाने के दृष्टिकोण से महत्त्वपूर्ण माना गया।

विद्यार्थियों से प्राप्त फीडबैक के माध्यम से यह समझने का प्रयास किया गया कि कार्यशाला में प्रस्तुत विषयवस्तु उनके शैक्षणिक, व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक विकास के लिए किस प्रकार उपयोगी सिद्ध हुई। साथ ही, यह भी आकलन किया गया कि कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों में संगठनात्मक व्यवहार, कार्यस्थल पर नैतिकता, प्रभावी संचार, समय प्रबंधन, सामूहिक कार्य, उत्तरदायित्व की भावना तथा लक्ष्य प्राप्ति के लिए व्यवस्थित दृष्टिकोण जैसी आवश्यक दक्षताओं के प्रति कितनी समझ विकसित हुई। इस प्रकार, फीडबैक की प्रक्रिया ने कार्यशाला के दौरान अर्जित ज्ञान और कौशल की उपयोगिता को समझने का अवसर प्रदान किया।

  

विद्यार्थियों द्वारा व्यक्त की गई प्रतिक्रियाओं, अनुभवों एवं सुझावों को कार्यशाला के मूल्यांकन का एक महत्त्वपूर्ण आधार माना गया। इससे प्रशिक्षण के सकारात्मक पक्षों की पहचान करने के साथ-साथ उन क्षेत्रों को भी समझने में सहायता मिली, जिनमें भविष्य में सुधार की संभावनाएँ विद्यमान हैं। विद्यार्थियों की सहभागिता और उनके अनुभवों को ध्यान में रखते हुए यह प्रयास किया गया कि आगामी कार्यशालाओं की विषयवस्तु अधिक प्रासंगिक, प्रशिक्षण पद्धति अधिक संवादात्मक तथा गतिविधियाँ अधिक व्यावहारिक एवं सहभागितापूर्ण बनाई जा सकें। समग्र रूप से, विद्यार्थियों से प्राप्त फीडबैक ने कार्यशाला के उद्देश्यों की समीक्षा करने तथा भविष्य में आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों की गुणवत्ता में निरंतर सुधार की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई। यह प्रक्रिया न केवल कार्यशाला की प्रभावशीलता का आकलन करने का माध्यम रही, बल्कि विद्यार्थियों की आवश्यकताओं, अपेक्षाओं और सीखने की प्रक्रिया को केंद्र में रखकर प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक उपयोगी, प्रभावी, कौशल-आधारित एवं परिणामोन्मुख बनाने की दिशा में भी एक सार्थक पहल सिद्ध हुई।

 

धन्यवाद!

 रिर्पोट लेखन- मूलचन्द्र कन्नौजिया

शोधार्थी हिन्दी एवं तुलनात्मक साहित्य विभाग

केरल केन्द्रीय विश्वविद्यालय

केरल

 


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

रोजगार प्रकोष्ठ के अन्तर्गत ‘रोजगगार कौशल : प्रक्रिया और प्रयास

  केरल केन्द्रीय विश्वविद्यालय हिन्दी एवं तुलनात्मक साहित्य विभाग   रोजगार प्रकोष्ठ (PLACEMENT CELL) -रोजगार कौशल- प्रक्रिया और प्रय...