बुधवार, 23 सितंबर 2026

हर जुबान पहचान की धड़कन है : प्रो (डॉ) मनु

 

हर जुबान पहचान की धड़कन है : प्रो (डॉ) मनु

(हिंदी सप्ताह का समापन)

भाकृअनुप–केंद्रीय रोपण फसल अनुसंधान संस्थान, कासरगोड़, केरल

भाकृअनुप - केंद्रीय रोपण फसल अनुसंधान संस्थान (CPCRI), कासरगोड़ में 21 सितंबर 2026 को हिंदी सप्ताह का समापन समारोह अदब, मोहब्बत और ज़ुबान की ख़ुशबू से सराबोर माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का आग़ाज़ राष्ट्रगान, भाकृअनुप गीत और प्रार्थना से हुआ। प्रार्थना डॉ. जयश्री एम.पी. ने प्रस्तुत की। वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी श्री आर.एन. सुब्रमणियन ने तमाम मेहमानों और उपस्थितजनों का ख़ैर मक़दम किया। संस्थान के निदेशक डॉ. के.बी. हेब्बार ने हिंदी और राजभाषा की गतिविधियों को संस्थान की कार्य-संस्कृति का अहम हिस्सा बताते हुए भाषा के निरंतर प्रयोग और विकास पर ज़ोर दिया।



समारोह में हिंदी कविता पाठ और गीत प्रस्तुति ने माहौल को साहित्यिक रंग से भर दिया। हिंदी सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। समारोह के मुख्य अतिथि केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं प्रोफेसर डॉ. मनु ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

 


 

 अपनी ख़ूबसूरत और असरदार तक़रीर में प्रो. डॉ. मनु ने कहा कि ज़ुबान महज़ अल्फ़ाज़ बोलने का ज़रिया नहीं, बल्कि दिलों के दरमियान क़ायम वह पुल है, जिस पर चलकर इंसान एक-दूसरे तक पहुँचता है। उन्होंने कहा “मोहब्बत से जब हम दूर हो जाते हैं, तो मोहब्बत भी हमसे दूर होने लगती है। यही रिश्ता ज़ुबान का भी है। जिस ज़ुबान से हम दूर होते जाते हैं, वह भी धीरे-धीरे हमसे दूर होती जाती है। ज़ुबान सिर्फ़ आवाज़ नहीं, हमारे रिश्तों की गुफ़्तगू है; हमारी यादों का घर है और हमारी पहचान की वह धड़कन है, जो हमें अपनी मिट्टी, अपनी तहज़ीब और अपने लोगों से जोड़े रखती है।”

उन्होंने कहा कि इंसान को इंसान से जोड़ने के लिए कभी-कभी लंबी तकरीरों की नहीं, सिर्फ़ एक सच्चे लफ़्ज़ की ज़रूरत होती है। एक लफ़्ज़ किसी दिल में उम्मीद जगा सकता है और एक मीठी गुफ़्तगू बरसों की दूरी मिटा सकती है। इसलिए ज़ुबान का इस्तेमाल सिर्फ़ बोलने के लिए नहीं, दिलों को जोड़ने के लिए होना चाहिए।

हिंदी की बढ़ती उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने कहा कि हिंदी आज संवाद, संपर्क और सांस्कृतिक मेल-मिलाप की एक महत्वपूर्ण ज़ुबान बन रही है। दक्षिण भारत में हिंदी का अध्ययन और प्रयोग भारतीय भाषाओं के बीच एक नए संवाद का रास्ता खोल सकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी भाषा की ज़िंदगी उसके शब्दकोश में नहीं, बल्कि उसके बोलने वालों की मोहब्बत और रोज़मर्रा के इस्तेमाल में होती है।

इसी भाव को उन्होंने अपनी नज़्म के जरिए से और भी दिलनशीन अंदाज़ में पेश किया

आओ लफ़्ज़ों में फिर नूर पैदा करें,
दिल से दिल का कोई सिलसिला करें;
ज़ुबाँ सिर्फ़ लबों तक महदूद न रहे,
जो दिल से निकले, वही दिल में उतर जाए।



 उन्होंने कहा कि हिंदी सप्ताह की सार्थकता तभी है, जब हिंदी केवल सप्ताह भर के आयोजनों और प्रतियोगिताओं तक सीमित न रहे, बल्कि कार्यालयीन कार्य, दैनिक व्यवहार और आपसी गुफ़्तगू का हिस्सा बने। ज़ुबान को ज़िंदा रखने के लिए उसे बोलना होगा, बरतना होगा और सबसे बढ़कर उससे मोहब्बत करनी होगी।

समारोह के अंत में सदस्य सचिव (राजभाषा) श्री एच. मुरलीकृष्ण ने धन्यवाद ज्ञापित किया। राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।

हिंदी सप्ताह अपने पीछे एक ख़ूबसूरत पैग़ाम छोड़ गया -- ज़ुबान तभी ज़िंदा रहती है, जब दिल में उसके लिए मोहब्बत ज़िंदा रहती है; और जिस ज़ुबान में मोहब्बत बाक़ी रहे, वह ज़ुबान कभी मरती नहीं।



रिपोर्टर : प्रोफेसर डॉ. मनु
पूर्व अध्यक्ष एवं प्रोफेसर, हिंदी विभाग
केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय, कासरगोड़

 

10 टिप्‍पणियां:

  1. ज़ुबान से मोहब्बत ही इंसान से इंसान की मोहब्बत का रास्ता है। जब लोग एक दुसरे की ज़ुबान को समझते है तभी वे एक-दुसरे के भाव और विचारों को समझ पाते है ।

    जवाब देंहटाएं
  2. ये बिलकुल सत्य बात है कि व्यक्तियों को आपस में जोड़ने के लिए किसी ख़ास भाषा या लिपि का किताबी ज्ञान आवश्यक नहीं है बल्कि कुछ ऐसी मूक बोली या लफ़्ज़ की जरूरत है जो व्यक्ति को व्यक्ति के क़रीब लाए न कि उसे अन्य लोगों से अलग करे। और ये कार्य हिन्दी भाषा बख़ूबी से निभा रही है।

    जवाब देंहटाएं
  3. हाँ, बहुत सुंदर (जिस प्रकार खगोलीय केंद्रीय व्याकरण, वातावरण को बनाता-प्रभावित करता है, ठीक वैसे ही मनुष्य - जीवों को वातावरण-व्याकरण अपनी निजी क्रिया में उनके हार्मोंस को प्रभावित करता है और यह प्रभावित प्रक्रिया ही विविध-शैलीय अभिव्यक्तियों के लिए किसी भी प्रतिक्रिया अभिव्यक्तिधारी को कुछ भी अभिव्यक्त करने के लिए अभिशप्त करती रहती है।) है

    जवाब देंहटाएं

  4. आदरणीय मनु सर,
    आपकी पंक्ति—“ज़ुबान तभी ज़िंदा रहती है, जब दिल में उसके लिए मोहब्बत ज़िंदा रहती है”—पूरे आयोजन के संदेश को सार्थक रूप से अभिव्यक्त करती है। हिंदी के प्रति प्रेम, उसके निरंतर प्रयोग और राजभाषा के रूप में उसके व्यावहारिक महत्व को रेखांकित करने वाली यह रिपोर्ट निश्चित रूप से सराहनीय है। हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ। 🌷

    जवाब देंहटाएं
  5. बहुत सुंदर और विचारोत्तेजक प्रस्तुति। वास्तव में भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि मनुष्य के विचारों, भावनाओं और संस्कारों को जोड़ने वाला सेतु है। जब हम अपनी मातृभाषा के प्रति सम्मान रखते हुए दूसरों की भाषाओं और संस्कृतियों का भी आदर करते हैं, तभी सच्चे अर्थों में संवाद और आत्मीयता का विस्तार होता है। हिंदी सप्ताह के इस सार्थक आयोजन के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ। 🌷

    जवाब देंहटाएं
  6. ज़ुबाँ ऐसी हो कि हर दिल से दिल की बात हो।

    जवाब देंहटाएं
  7. "एक लफ़्ज़ किसी दिल में उम्मीद जगा सकता है और एक मीठी गुफ़्तगू बरसों की दूरी मिटा सकती है।" - बहुत शुभकामनाएँ सर ☺️🌻

    जवाब देंहटाएं
  8. आपने एक ओर काव्यात्मक एवं भावात्मक रूप से ज़ुबान के महत्व को रेखांकित करते हुए उसे केवल बोलने का माध्यम नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का सेतु बताया है; वहीं दूसरी ओर व्यावहारिक दृष्टि से हिंदी भाषा की उपयोगिता पर भी बल दिया है। यह दृष्टिकोण निस्संदेह प्रत्येक हिंदी-प्रेमी के लिए अत्यंत महत्त्वपूर्ण और प्रेरणादायक है। बधाईयां सर।

    जवाब देंहटाएं
  9. अत्यंत सुंदर, आत्मीय और प्रेरणादायक प्रतिवेदन, मनु सर! 🙏❤️ आपने भाषा की वास्तविक शक्ति और हिंदी के माध्यम से दिलों एवं संस्थानों को जोड़ने की भावना को बहुत खूबसूरती से व्यक्त किया है। यह आयोजन हम विद्यार्थियों के लिए भी एक यादगार अनुभव रहा। आपका मार्गदर्शन, शोधार्थियों की प्रेरणादायक बातें और सभी के साथ बिताए गए पल हमेशा स्मरणीय रहेंगे। सचमुच, भाषा दीवार नहीं, दिलों को जोड़ने वाला सेतु है। 🌸💐

    जवाब देंहटाएं

रोजगार प्रकोष्ठ के अन्तर्गत ‘रोजगगार कौशल : प्रक्रिया और प्रयास

  केरल केन्द्रीय विश्वविद्यालय हिन्दी एवं तुलनात्मक साहित्य विभाग   रोजगार प्रकोष्ठ (PLACEMENT CELL) -रोजगार कौशल- प्रक्रिया और प्रय...