ज़ुबान दीवार नहीं, दिलों का पुल है : प्रो. (डॉ.) मनु
ई. के. एन. एम. राजकीय महाविद्यालय, एलेरितट्टु के हिंदी विभाग एवं हिंदी क्लब ‘सृजनालोक’ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हिंदी पखवाड़ा 2026 का समापन समारोह 24 सितंबर 2026 को डी.सी. हिंदी कक्ष में गरिमापूर्ण और आत्मीय माहौल में संपन्न हुआ। समारोह की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) टोबी जोसेफ मैथ्यू के. के. ने की तथा हिंदी क्लब की अध्यक्ष हसीना एन. एच. ने स्वागत किया।
इस आयोजन की सबसे ख़ास और यादगार बात यह रही कि केरल के एक महाविद्यालय के हिंदी कार्यक्रम में पहली बार केंद्रीय विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के शोधार्थियों को अपने विचार रखने और विद्यार्थियों से सीधे रूबरू होने का शानदार मौक़ा मिला। आम तौर पर इस तरह के आयोजनों में शोधार्थियों की भागीदारी और उन्हें मंच पर बोलने का मौक़ा कम ही मिल पाता है। मगर एलेरितट्टु कॉलेज के प्राचार्य के साथ प्रो. (डॉ.) मनु की हुई एक आत्मीय बातचीत ने इस सिलसिले को एक नया रास्ता दिया।
बातचीत के दौरान जब केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग के शोधार्थियों का ज़िक्र आया तो प्रो. (डॉ.) मनु ने प्राचार्य महोदय टोबी जी को बताया कि विभाग में लगभग पच्चीस शोधार्थी हैं और एक को छोड़कर सभी केरल के बाहर से आकर यहाँ हिंदी में शोध कर रहे हैं। यह सुनकर प्राचार्य महोदय को हैरत के साथ ख़ुशी भी हुई। उन्होंने कहा हिंदी के इलाक़े से दूर, केरल की इस सरज़मीन पर आकर विद्यार्थी हिंदी में तहक़ीक़ कर रहे हैं, अपने इल्मी सफ़र को आगे बढ़ा रहे हैं; यह मामूली बात नहीं, बल्कि हिंदी की कशिश, उसके फ़न और उसकी मोहब्बत का एक ख़ूबसूरत सबूत है। इसी बातचीत में यह ख़याल सामने आया कि अगर एक-दो शोधार्थियों को महाविद्यालय के कार्यक्रम में साथ लाया जाए और उन्हें विद्यार्थियों से बातचीत तथा तक़रीर का मौक़ा दिया जाए तो यह दोनों संस्थानों के लिए एक ख़ूबसूरत तजुर्बा होगा। प्राचार्य महोदय ने इस प्रस्ताव को ख़ुशी से मंज़ूर कर लिया। बात वहीं ख़त्म हो गई, मगर वह छोटा-सा ख़याल आगे चलकर एक यादगार मुलाक़ात में बदल गया।कुछ समय बाद ‘सी यू के दर्पण’ पत्रिका के सिलसिले में कुछ बातें बताने के लिए शोधार्थी दिवाकर कौशिक ने प्रो. (डॉ.) मनु को बुलाया। उस वक़्त शोधार्थी मान सिंह भी उनके साथ मौजूद थे। बातचीत के दौरान प्रो. (डॉ.) मनु ने उन्हें एलेरितट्टु कॉलेज के प्राचार्य के साथ हुई वही पुरानी बातचीत और शोधार्थियों को कार्यक्रम में ले जाने के प्रस्ताव के बारे में बताया। इस तरह पहले हुई बातचीत ने अचानक एक नया रूप लिया और प्रो. (डॉ) मनु, मान सिंह और दिवाकर कौशिक तीनों का हिन्दी पखवाड़ा 2026 में भाग लेने एलेरितट्टु कॉलेज जाना तय हुआ। यह महज़ किसी कार्यक्रम में शरीक होना नहीं था; यह विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के बीच एक नए अकादमिक रिश्ते की पहली आवाज़ थी।
उन्होंने कहा कि हिंदी किसी के लिए
दरवाज़ा बंद करने वाली भाषा नहीं, बल्कि दूसरे दिल तक पहुँचने का रास्ता है। भाषा का काम दीवार
खड़ी करना नहीं, रिश्तों
के लिए रास्ता बनाना है। केरल की ज़मीन पर हिंदी का यह आयोजन इसी साझा तहज़ीब की
ख़ूबसूरत मिसाल है।
इस
अवसर पर शोधार्थी मान सिंह ने
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए हिंदी में शोध और अध्ययन के अपने अनुभव साझा
किए।
दिवाकर कौशिक
ने भी अपनी तक़रीर
में साहित्य और ज़िंदगी के रिश्ते पर रोशनी डाली तथा प्रो (डॉ) मनु की ग़ज़ल ‘ ज़िंदगी ही कर्ज़ है यह कौन बताएगा तेरे जाने
के बाद’ के दो तीन मिसरे पेश किए।
उनकी काव्यात्मक प्रस्तुति ने समारोह में एक अलग साहित्यिक रंग भर दिया।
कार्यक्रम में डॉ. अजय सी. आर., संयोजक, IQAC; डॉ. धन्या के. पी., सहायक आचार्य, हिंदी विभाग; श्रीमती नित्या वी., सहायक आचार्य, हिंदी विभाग, श्रीमती जयश्री सहायक आचार्य हिन्दी विभाग तथा छात्र संघ अध्यक्ष अभिनव वी. वी. सहित शिक्षकगण और विद्यार्थी उपस्थित रहे। संचालन श्रीलक्ष्मी नायर ने किया, जबकि प्रथम वर्ष की राजनीति विज्ञान की छात्रा अलोना अन्ना ने प्रार्थना-गीत प्रस्तुत किया। अंत में हिंदी क्लब की सचिव धनुषा ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस
पूरे आयोजन की सबसे ख़ूबसूरत बात यही रही कि एक बातचीत ने एक मौक़ा पैदा किया, एक मौक़े ने तीन लोगों को एक मंच तक पहुँचाया और उस मंच ने दो
संस्थानों के बीच एक नया रिश्ता बना दिया। जिस केरल में हिंदी पढ़ने और उसमें शोध
करने के लिए दूसरे प्रदेशों से विद्यार्थी आते हैं, उसी केरल के एक महाविद्यालय में उन
शोधार्थियों की आवाज़ विद्यार्थियों तक पहुँचना अपने आप में एक यादगार घटना बन गई।
भाषा सचमुच एक सेतु है
वह कभी दीवार नहीं बन सकती।
लफ़्ज़ जब दिल से निकलते हैं तो दूसरे दिल तक पहुँचते हैं,
और जब दो दिलों के बीच रास्ता खुल जाए,
तो वहीं से एक नए रिश्ते की शुरुआत होती है।
आत्मीय प्रतिवेदन : प्रो. (डॉ.) मनु
पूर्व विभागाध्यक्ष एवं प्रोफेसर, हिंदी एवं तुलनात्मक साहित्य विभाग,
केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय, पेरिया, कासरगोड
(जिसने देखा,
जिया
और महसूस किया, उसी की आँख से लिखी गई दास्तान का एहसास है मेरा यह आत्मीय प्रतिवेदन)
An Intimate Report by Prof. (Dr.) Manu ।








हार्दिक धन्यवाद, प्रो. (डॉ.) मनु जी, दिवाकर जी और मानसिंह जी!
जवाब देंहटाएंआप लोगों ने सचमुच यहाँ के माहौल को खुशनुमा बना दिया। आपकी उपस्थिति और सकारात्मक ऊर्जा ने इन पलों को यादगार बना दिया।
ये अनमोल लम्हें हमेशा यादों में बसे रहेंगे। ❤️
बहुत सुन्दर.. ❣️✨
जवाब देंहटाएंप्रो. (डॉ.) मनु सर, दिवाकर कौशिक जी और मान सिंह जी का दिल से बहुत-बहुत धन्यवाद। 🙏🌸
जवाब देंहटाएंआप सभी ने अपना कीमती समय निकालकर कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति से इसकी शोभा बढ़ाई और इसे यादगार बनाया। आपके सहयोग और स्नेह के लिए हृदय से आभार। 💐❤️
बहुत ही सुंदर और प्रेरणादायक लेख। ❤️ भाषा केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने वाला एक सशक्त सेतु है। हिंदी पखवाड़ा 2026 के माध्यम से विद्यार्थियों और शोधार्थियों को एक मंच पर लाने का यह प्रयास अत्यंत सराहनीय है। प्रो. (डॉ.) मनु जी, दिवाकर कौशिक जी एवं मान सिंह जी का हार्दिक आभार। यह आयोजन दोनों संस्थानों के बीच शैक्षणिक एवं साहित्यिक संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। 🙏🌸
जवाब देंहटाएं