मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026

ईमानदारी की शपथ के साथ केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की सार्थक पहल

 

ईमानदारी की शपथ के साथ केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग की सार्थक पहल

Reporter : Prof (Dr) Manu

‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ के संदेश के साथ मनाया गया सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026  भ्रष्टाचार के अंधेरों के मुक़ाबिल जब ईमानदारी का एक चराग़ रौशन होता है, तो उसकी लौ महज़ एक व्यक्ति तक महदूद नहीं रहती, बल्कि पूरे हुजूम को नूर देने का पैग़ाम बन जाती है। इसी तसव्वुर को अमली जामा पहनाते हुए केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय के हिंदी भाषा एवं तुलनात्मक विभाग में सतर्कता जागरूकता सप्ताह–2026 के अवसर पर सत्यनिष्ठा की प्रतिज्ञा ली गई।

केंद्रीय सतर्कता आयोग, भारत सरकार के निर्देशानुसार 26 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक आयोजित किए जा रहे सतर्कता जागरूकता सप्ताह का विषय ‘Probity for Prosperity’ अर्थात् ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ है। इसी सिलसिले में विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग ने भी सत्य, ईमानदारी, पारदर्शिता और जवाबदेही के बुनियादी उसूलों को अपने व्यावहारिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।




अधिष्ठाता (SL&CL) और हिन्दी विभागाध्यक्ष प्रो. डॉ. तरु एस. पवार के अनुरोध पर इस प्रतिज्ञा कार्यक्रम में प्रो. डॉ. मनु ने सत्यनिष्ठा की शपथ के जुमले पढ़े और विभाग में मौजूद अन्य शिक्षकों तथा कार्यालय कर्मचारियों ने उन्हें दोहराते हुए सामूहिक रूप से प्रतिज्ञा ली। इस अवसर पर हिंदी विभाग के आचार्यों के साथ कार्यालय के कर्मचारी ओड़क्का Phava भी मौजूद रही । सभी की साझा भागीदारी ने इस बात को रेखांकित किया कि ईमानदारी और नैतिक ज़िम्मेदारी किसी एक पद, ओहदे या महकमे की जागीर नहीं, बल्कि हर उस इंसान का फ़र्ज़ है जो अपने काम और किरदार के ज़रिये समाज की तामीर में हिस्सा लेता है।




प्रतिज्ञा का असल मक़सद केवल लफ़्ज़ों को दोहराना नहीं, बल्कि उन्हें अपने अमल का हिस्सा बनाना है। सरकारी और शैक्षणिक संस्थानों में पारदर्शिता, निष्पक्षता तथा जवाबदेही की अहमियत इसलिए भी बढ़ जाती है कि यह संस्थान समाज के भरोसे और सार्वजनिक संसाधनों की अमानत के निगहबान होते हैं। जब किसी विभाग का हर सदस्य अपने फ़र्ज़ को ईमानदारी से अंजाम देता है, तो संस्थागत व्यवस्था मज़बूत होती है और लोगों का एतबार (विश्वास) भी बढ़ता है।

इस मौक़े पर लिया गया संकल्प यही पैग़ाम देता है कि भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ जंग केवल क़ानून, नियमों और निगरानी के सहारे नहीं जीती जा सकती; इसके लिए इंसान के भीतर भी सच और झूठ, जायज़ और नाजायज़ तथा अमानत और ख़यानत के बीच फ़र्क़ करने वाला ज़िंदा ज़मीर होना ज़रूरी है। इल्म की दुनिया से जुड़े लोगों की ज़िम्मेदारी तो और भी बढ़ जाती है, क्योंकि विश्वविद्यालय केवल डिग्रियाँ बाँटने के मराकिज़ (केंद्र) नहीं, बल्कि किरदार, तहज़ीब और सामाजिक चेतना की तर्बियत (प्रशिक्षण) देने वाली संस्थाएँ भी हैं।

केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय के हिंदी विभाग में आयोजित यह प्रतिज्ञा कार्यक्रम इसी बुनियादी विचार की तर्जुमानी करता है कि एक बेहतर समाज की बुनियाद बड़े-बड़े दावों से नहीं, बल्कि रोज़मर्रा के छोटे-छोटे ईमानदार फ़ैसलों से रखी जाती है। जब ज़बान पर ईमानदारी का इक़रार और अमल में उसकी पैरवी साथ-साथ चलें, तभी सत्यनिष्ठा एक नारे से आगे बढ़कर ज़िंदगी का उसूल बनती है।





ईमानदारी की हिफ़ाज़त (बचाव), भ्रष्टाचार से इनकार और अपने फ़र्ज़ के प्रति सच्ची जवाबदेही -- यही इस प्रतिज्ञा का सार और एक समृद्ध, पारदर्शी तथा भरोसेमंद समाज की तामीर का रास्ता है।

Prof (Dr) Manu                                                                            

MA(Hin), MA(Eng), MA(Urdu), PGDT, PGDPR, PGDTM ,PGCMHT, PGCGPS, 

M.Phil, Ph. D                                                                                                                    

Former Lecturer & NSS Officer, M.G Govt. Arts College, Mahe ,Union Territory of Pondicherry, Former Professor of Sree Sankaracharya University, Kalady,  Kerala,                        

Professor & Former Head of the Department of Hindi & Comparative Literature, Central University of Kerala, Kasaragod                                                                                                

Dean of Language & Literature, Kannur University, Kannur                                                   

Official Language Member, Ministry of Road Transport and Highways & Ministry of Mines, Govt. of India, New Delhi  


कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

रोजगार प्रकोष्ठ के अन्तर्गत ‘रोजगगार कौशल : प्रक्रिया और प्रयास

  केरल केन्द्रीय विश्वविद्यालय हिन्दी एवं तुलनात्मक साहित्य विभाग   रोजगार प्रकोष्ठ (PLACEMENT CELL) -रोजगार कौशल- प्रक्रिया और प्रय...