विद्यारंभ : नूर ए इल्म का एक मुक़द्दस सफ़र
‘Vidyarambh’ : A Sacred Journey into the Light of Knowledge
Report and Personal Reflections : Prof. Dr. Manu
चावल की थाली पर उभरते अक्षर/हर्फ़, मंदिर में दीपों की
कतारें, बच्चों की आँखों में चमकते ख़्वाब और भविष्य, मोहब्बत से लिखा
जाता एक उम्रभर का रिश्ता
21 अक्टूबर 2026 का दिन मेरे दिल में एक ऐसी ख़ुशी, एक ऐसा सुकून और एक ऐसी रूहानी
कैफ़ियत लेकर आया, जिसे अल्फ़ाज़ में समेटना आसान
नहीं है। केरल की सरज़मीन पर विद्यारंभ की यह रिवायत जब अपनी पूरी रौनक के साथ सामने आती है, तो ऐसा महसूस होता है जैसे इल्म की कोई पुरानी शमा फिर से रौशन हो उठी हो, जैसे बच्चों की मासूम उँगलियों में आने वाले कल की तक़दीर लिखी जा रही हो, और जैसे माँ-बाप की आँखों में पलते हज़ारों ख़्वाब एक छोटी-सी रस्म के
बहाने अपनी पहली करवट ले रहे हों। मेरे लिए इस मुक़द्दस अमल की सबसे बड़ी ख़ुशी ये
है कि केरल केंद्रीय विश्वविद्यालय में प्रोफ़ेसर की हैसियत से इल्म की ख़िदमत
करने के साथ-साथ डॉ मनु मंदिर के उस पाक माहौल में बच्चों की ज़ुबान पर इल्म
का पहला हर्फ़ लिखने का मौक़ा मिलता है, जहाँ हर तरफ़ अकीदत (आस्था) की ख़ुशबू, संगीत की मधुर गूँज, मंत्रों की आवाज़ और लोगों के चेहरों पर ख़ुशी की रौशनी बिखरी रहती है।
मंदिर के आँगन में क़दम रखते ही एक अलग दुनिया सामने
खुलने लगती है। कहीं माँ अपने बच्चे को सीने से लगाए बैठी है, कहीं पिता अपनी नन्ही-सी जान की
उँगली थामे उसके पहले इल्मी सफ़र का गवाह बन रहा है, कहीं किसी बच्चे की आँखों में हैरत है, कहीं उसके चेहरे पर मुस्कान है, तो कहीं वह अनजान माहौल से घबराकर
अपने पिता या माँ से और ज़्यादा लिपट जाता है। सरस्वती की वंदना के साथ जब
विद्यारंभ के मंत्र गूँजते हैं, तो उस फ़िज़ा में एक ऐसी दिलकश कैफ़ियत पैदा
होती है, जिसे महसूस तो किया जा सकता है, मगर पूरी तरह बयान करना मुश्किल
है। चावल से भरी थाली सामने रखी जाती है, बच्चे की नन्ही उँगली को सहारा दिया जाता है, और फिर उन उँगलियों से लिखे जाने
वाले पहले हर्फ़ के साथ जैसे एक नई दुनिया का दरवाज़ा खुल जाता है। कोई बच्चा
ख़ुशी से मुस्कराता है, कोई अपनी मासूमियत में इधर-उधर
देखता है, कोई रो पड़ता है, मगर इन तमाम मंज़रों के बीच
माँ-बाप की आँखों में जो चमक दिखाई देती है, वह मेरे लिए किसी भी बड़े सम्मान और किसी भी बड़ी
कामयाबी से कम नहीं है।
इस बार तक़रीबन पंद्रह बच्चों की ज़ुबान पर पहला अक्षर/हर्फ़ लिखने का मौक़ा मिला। हर
बच्चा अपने आप में एक अलग दास्तान थी, हर चेहरे पर एक अलग कैफ़ियत थी, हर परिवार की आँखों में अपने बच्चे
के मुस्तक़बिल का एक अलग ख़्वाब था। जब मैं किसी बच्चे की ज़ुबान पर सोने की
अंगूठी से पहला अक्षर लिखता हूँ, तो मेरे दिल
में यह एहसास और भी गहरा हो जाता है कि
इल्म का रिश्ता सिर्फ़ किताबों, इम्तिहानों
और डिग्रियों तक महदूद नहीं है; इल्म तो वह
रौशनी है जो इंसान की ज़िंदगी को सँवारती है, उसके किरदार को निखारती है, उसके ज़ेहन को कुशादा करती है और
उसे दुनिया को समझने का नया नज़रिया देती है। बच्चे की ज़ुबान पर लिखा जाने वाला
वह पहला अक्षर/हर्फ़ दरअसल एक लंबे सफ़र की
इब्तिदा है, ऐसा सफ़र जिसमें आगे चलकर किताबें
होंगी, सवाल होंगे, जिज्ञासाएँ होंगी, तजुर्बे होंगे और ज़िंदगी को समझने
के अनगिनत मौक़े होंगे।
विद्यारंभ
के इस पाक मौक़े पर पढ़ी जाने वाली पंक्तियाँ मेरे लिए ख़ास अहमियत रखती हैं -- “हरि श्री गणपतये नमः, अविघ्नमस्तु।” “ओम् सरस्वत्यै नमः।”
इन सतरों की गूँज के बीच जब बच्चे के हाथ
को थामकर उसे पहला हर्फ़ लिखवाया जाता है, तो ऐसा लगता है कि एक परिवार की उम्मीदें, एक समाज की रिवायत और आने वाली
नस्लों के लिए इल्म का पैग़ाम एक ही लम्हे में सिमट आया है। मेरे लिए यह रस्म किसी
मज़हबी दायरे में क़ैद एक अमल नहीं, बल्कि इल्म से मोहब्बत, बच्चों से लगाव और इंसानी ज़िंदगी को बेहतर बनाने की
एक ख़ूबसूरत कोशिश है। मंदिर का वह माहौल, लोगों का उमंग से भरा हुआ चेहरा, संगीत की गूँज, सरस्वती के मंत्र (सरस्वती नमस्तुभ्यं वरदे कामरूपिणी । विद्यारंभं करिष्यामि सिद्धिर्भवतु मे सदा ॥) और चावल की
थाली पर उभरते हर्फ़ -- ये सब मिलकर एक ऐसी तस्वीर बनाते
हैं, जो देर तक दिल के भीतर रौशन रहती
है।
मेरी ज़िंदगी में इल्म की ख़िदमत का
सफ़र कई मंज़िलों से गुज़रा है। अब तक मेरी निगरानी में कन्नूर विश्वविद्यालय और
श्री शंकराचार्य विश्वविद्यालय से छह शोधार्थी पी-एच.डी. की आला डिग्री हासिल कर
चुके हैं, जबकि दक्षिण भारत हिंदी प्रचार सभा, मदुरै कामराज
विश्वविद्यालय और दूसरी तालीमी संस्थाओं से आठ शोधार्थियों ने एम.फिल. की डिग्री
हासिल की है। इन कामयाबियों पर मुझे ख़ुशी है, अपने तलबा/छात्र की मेहनत पर नाज़ है, और इस बात का
इत्मीनान भी है कि इल्म के इस सफ़र में कुछ नौजवानों की रहनुमाई करने का मौक़ा
मिला। लेकिन इन तमाम डिग्रियों, तालीमी कामयाबियों
और इल्मी सरगर्मियों के बावजूद मेरे दिल में एक सवाल अक्सर दस्तक देता है। मैं सोचता हूँ कि जिन तलबा को
मैंने बरसों तक पढ़ाया, जिनकी उँगलियाँ किताबों के हर्फ़
पहचानते-पहचानते तालीम की ऊँची मंज़िलों तक पहुँचीं, जिनके शोध और मेहनत ने उन्हें पी-एच.डी. और एम.फिल.
जैसी डिग्रियों तक पहुँचाया, वे जब अपने
बच्चों के विद्यारंभ का वक़्त देखते हैं, तो उनमें से कितने लोग अपने बच्चों की ज़ुबान पर पहला
हर्फ़ लिखने के लिए मुझे याद करते हैं?
यह सवाल किसी शिकायत से पैदा नहीं होता, न इसमें किसी से कोई गिला है। यह
तो एक मोहब्बत भरा सवाल है, एक दिली ख़्वाहिश है, एक ऐसी तमन्ना है जो कभी-कभी
ख़ामोशी से मेरे सामने आ बैठती है। मेरे तलबा मुझे जानते हैं, मेरी तालीमी ज़िंदगी से वाक़िफ़
हैं, मेरी हैसियत और मेरी इल्मी ख़िदमत
से भी परिचित हैं, फिर भी जब वे अपने बच्चों के
विद्यारंभ के लिए किसी को चुनते हैं, तो क्या उनके दिल में कभी यह ख़्याल नहीं आता कि जिस गुरु ने उन्हें इल्म की राह दिखाई, उसी गुरु के हाथों उनके बच्चे की ज़िंदगी का पहला अक्षर/हर्फ़ भी लिखा जाए? आख़िर इस छोटी-सी रस्म में एक ऐसा
रिश्ता छिपा है, जो गुरु और शागिर्द के दरमियान बरसों की
मोहब्बत को अगली नस्ल तक पहुँचा सकता है। मैं इसे अपनी कोई ख़ास हैसियत नहीं समझता, बल्कि उस्ताद की ज़िंदगी का एक
ख़ूबसूरत हासिल मानता हूँ कि उसके पढ़ाए हुए बच्चे एक दिन अपने बच्चों का हाथ
थामकर उसके पास आएँ और कहें—हे गुरु, आज हमारे बच्चे को भी इल्म की राह
पर पहला क़दम रखने का मौक़ा आपके हाथों मिले।
एक वक़्त था जब मैं घर-घर जाकर बच्चों का विद्यारंभ
करवाता था। अपने घर में भी इस नेक काम को अंजाम देता था। उस वक़्त मेरे लिए यह अमल
किसी रस्मी ज़िम्मेदारी से बढ़कर था, क्योंकि मैं जानता था कि हर घर में एक बच्चा सिर्फ़
स्कूल जाने की तैयारी नहीं कर रहा होता, बल्कि उसके साथ एक पूरा परिवार उम्मीदों का नया सफ़र
शुरू कर रहा होता है। जब मैं घरों में जाकर बच्चों की ज़ुबान पर पहला हर्फ़ लिखता
था, तो मलयालम, हिंदी, अंग्रेज़ी और उर्दू -- इन तमाम ज़बानों के अक्षरों को भी जगह देता था। मेरी नज़र में
हर ज़बान अपने भीतर एक तहज़ीब, एक तारीख़, एक सोच और एक अलग दुनिया समेटे हुए
है। किसी ज़बान के हर्फ़ को बच्चे की ज़ुबान पर लिखना सिर्फ़ एक लफ़्ज़ की इब्तिदा
नहीं, बल्कि उसे इंसानी तजुर्बों की एक
नई दुनिया से मिलवाने की पहली कोशिश है।
आजकल मैं तलश्शेरी के क़रीब ‘तटारी’
मंदिर में इस रिवायत में शरीक होता आया हूँ। हर साल अक्टूबर के महीने में वहाँ
बच्चों और उनके घरवालों का जोश देखने लायक़ होता है। सोने की अंगूठी को नारियल के
पानी या शहद में डुबोकर जब बच्चे की ज़ुबान पर पहला अक्षर लिखा जाता है, तो उस लम्हे में
मौजूद हर शख़्स की आँखों में अपने-अपने ख़्वाबों की रौशनी दिखाई देती है। मुझे यह देखकर बेहद ख़ुशी होती है
कि तालीम के इस पहले क़दम को लोग कितनी मोहब्बत और एहतिराम के साथ यादगार बनाते
हैं। कुछ बच्चों के लिए यह महज़ एक नई रस्म होती है, कुछ के लिए यह परिवार के साथ बिताया जाने वाला एक
यादगार लम्हा, लेकिन मेरे लिए यह हर बार इल्म की
अज़मत (शान) और गुरु की ज़िम्मेदारी को नए सिरे से
महसूस करने का मौक़ा बन जाता है।
इस रिवायत से जुड़ी एक दिलचस्प बात यह भी है कि
अख़बारों में कभी यह ख़बर आई थी कि केरल के तत्कालीन गवर्नर आरिफ़ मोहम्मद ख़ान
साहब ने भी विद्यारंभ के मौक़े पर बच्चों की ज़ुबान पर देवनागरी में पहला अक्षर लिखकर इस रिवायत में हिस्सा लिया
था। ऐसी ख़बरें इस बात की याद दिलाती हैं कि इल्म और तालीम की इब्तिदा का यह अमल
लोगों के दिलों में कितनी जगह रखता है। मगर मेरे लिए इस रिवायत की असल ख़ूबसूरती
किसी बड़ी शख़्सियत की शिरकत (सांझेदारी) में नहीं, बल्कि उस मासूम बच्चे की मुस्कान में है जिसकी
ज़िंदगी में आज पहली बार अक्षर दाख़िल हो रहा है, और उस माँ की आँखों में है जो अपने बच्चे को अपने
सामने एक नए सफ़र पर निकलते हुए देख रही है।
आज
से तक़रीबन बीस बरस पहले, मेरे
गाँव में मेरे अज़ीज़ दोस्त श्री सगुनन ने अपने बच्चे की ज़ुबान पर इल्म का पहला अक्षर लिखने के लिए मेरा हाथ थामा था। वह
देखने में एक छोटा-सा अमल था, मगर
उसके पीछे छिपी मोहब्बत और एतबार (भरोसा) की गहराई ने उसे मेरी ज़िंदगी की एक
यादगार दास्तान बना दिया। उनके गाँव के मंदिर में पूजा-पाठ करने वाले लोग मौजूद थे,
मगर अपने बच्चे के विद्यारंभ के लिए
उन्होंने मुझे चुना। शायद उनके दिल में यह यक़ीन था कि जिस शख़्स ने अपनी ज़िंदगी
इल्म की ख़िदमत, किताबों
की रफ़ाक़त (दोस्ती) और तालीम की राह में गुज़ारी है,
उसके हाथों बच्चे की ज़ुबान पर लिखा
जाने वाला पहला अक्षर भी एक ख़ास मायने रखता है। उनकी इस
मोहब्बत ने मुझे यह समझाया कि कभी-कभी इंसान को मिलने वाला सबसे बड़ी इबादत किसी महफ़िल से नहीं मिलता, न
किसी तमगे (Medal) की शक्ल में सामने आता है, बल्कि किसी परिवार के उस एतबार में छिपा
होता है, जो वह अपनी सबसे
अज़ीज़ अमानत का हाथ हमारे हाथों में सौंपकर जताता है।
वक़्त
गुज़रता रहा, बच्चे
बड़े होते रहे, ज़िंदगी
अपनी रफ़्तार से आगे बढ़ती रही, मगर
उस पहले अक्षर से जुड़ी मोहब्बत का रिश्ता अपनी जगह
बाक़ी रहा। फिर दो साल पहले, जब
उन्होंने अपनी बेटी के बच्चे के विद्यारंभ के लिए भी मुझे याद किया, तो मेरे लिए वह महज़ एक रस्म की तकमील (पूर्णता) नहीं थी, बल्कि बीस बरस पहले बोए गए एतबार के बीज
का एक नए रिश्ते में फूल बनकर खिल उठना था। एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुँचता
हुआ यह रिश्ता मुझे भीतर तक छू गया। मुझे महसूस हुआ कि वक़्त के साथ चेहरे बदल
जाते हैं, बच्चे बड़े हो जाते हैं, घरों में नई किलकारियाँ गूँजने लगती हैं, मगर अगर मोहब्बत सच्ची हो और एतबार गहरा हो, तो उसके धागे वक़्त की गर्द से भी कमज़ोर नहीं पड़ते। बीस बरस
पहले जिस बच्चे की ज़ुबान पर मैंने पहला अक्षर लिखा था, आज उसी परिवार की अगली पीढ़ी के बच्चे की ज़ुबान पर अक्षर लिखने का मौक़ा मिलना
मेरे लिए किसी ख़ामोश दुआ के क़ुबूल होने जैसा था।
उस
लम्हे मेरे दिल ने मुझसे कहा कि गुरु की असल पहचान उसके ओहदे से नहीं, उसके असर से बनती है; उसकी तनख़्वाह से नहीं, उसके किरदार से होती है; उसके नाम के आगे लगे ख़िताबों (उपाधि) से नहीं, बल्कि उन दिलों में उसकी जगह से तय होती
है, जहाँ वह बरसों बाद भी
उसी मोहब्बत से याद किया जाता है। डिग्रियाँ इंसान की इल्मी हैसियत का पता देती
हैं, मगर किसी परिवार का
अपने बच्चे के पहले अक्षर के लिए उसे याद करना उसके किरदार की वह
सनद है, जिसे न किसी दफ़्तर
से जारी किया जा सकता है और न वक़्त की कोई मुहर उसे मिटा सकती है। मेरे लिए सगुनन
की यह मोहब्बत और उनका यह एतबार मेरी ज़िंदगी की उन अनमोल दौलतों में से है,
जिनका ज़िक्र करते हुए लफ़्ज़ कम पड़
जाते हैं, मगर दिल की रौशनी और
भी बढ़ जाती है।
आज जब मैं पीछे मुड़कर देखता हूँ,
तो
महसूस होता है कि मेरी ज़िंदगी में इल्म की ख़िदमत का सफ़र सिर्फ़ कक्षाओं, किताबों, शोधार्थियों और डिग्रियों
तक महदूद नहीं रहा; वह उन घरों तक भी पहुँचा
है, जहाँ माँ-बाप अपने बच्चों
के मुस्तक़बिल के लिए ख़्वाब बुनते हैं, जहाँ नन्ही ज़ुबानों पर
पहला हर्फ़ लिखा जाता है, और जहाँ एक उस्ताद का
रिश्ता उसकी कक्षा की चारदीवारी से निकलकर परिवार की यादों में जगह बना लेता है।
शायद यही मेरी ज़िंदगी का असल हासिल है -- कि मैंने सिर्फ़ किताबों के हर्फ़ नहीं पढ़ाए, बल्कि कुछ दिलों में मोहब्बत और एतबार के ऐसे निशान भी पाए, जो एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक सफ़र करते रहते हैं।
आख़िरकार, गुरु की सबसे बड़ी कामयाबी यह नहीं कि उसके कितने शागिर्द
डिग्रियाँ हासिल करके दुनिया में अपना नाम रौशन करते हैं, बल्कि यह है कि बरसों बाद भी जब किसी घर में इल्म का पहला
हर्फ़ लिखने की बारी आए, तो उस घर के लोगों को अपने उस्ताद के हाथ याद आएँ। मेरे लिए यही मोहब्बत
मेरी असल दौलत है, यही एतबार मेरी पहचान
है और यही वह ख़ामोश सम्मान है, जिसके
सामने दुनिया के बड़े-बड़े ख़िताब भी छोटे महसूस होने लगते हैं।
इसीलिए आज जब मैं मंदिर के उस माहौल में बच्चों की
ज़ुबान पर पहला अक्षर लिखता हूँ, तो अपने आप को ख़ुशनसीब महसूस करता
हूँ। मुझे लगता है कि मेरी ज़िंदगी की सबसे बड़ी कामयाबी शायद किसी विश्वविद्यालय
में हासिल किया गया कोई ओहदा नहीं, किसी शोधार्थी को दिलाई गई कोई डिग्री नहीं, किसी मंच पर मिला हुआ कोई सम्मान
नहीं, बल्कि वह लम्हा है जब कोई परिवार
अपने बच्चे का हाथ मेरे हाथ में सौंपता है और अपने दिल की उम्मीदों के साथ कहता है
कि इसकी ज़िंदगी में इल्म का पहला अक्षर आप लिखिए। इस एतबार में जो अपनापन है, जो ख़ुलूस है, जो दिली रिश्ता है, उसकी क़ीमत किसी भी बड़ी कामयाबी
से नहीं आँकी जा सकती।
मैं जानता हूँ कि ज़िंदगी के सफ़र में हर इंसान के
हिस्से में कुछ ऐसी दौलत आती है जिसे न बाज़ार में ख़रीदा जा सकता है, न किसी काग़ज़ पर दर्ज किया जा
सकता है और न किसी ख़िताब से उसका बदला चुकाया जा सकता है। मेरे हिस्से में अगर
कुछ ऐसी दौलत आई है, तो वह मेरे तलबा और उनके परिवारों
का एतबार है। यही एतबार मेरी असल पूँजी है, यही मेरी रूह का सुकून है, यही मेरी तालीमी ज़िंदगी का हासिल
है। और अगर मेरी ज़िंदगी में कभी कोई ऐसी घड़ी आए जब मुझे अपनी तमाम कामयाबियों
में से किसी एक को चुनना पड़े, तो मैं उन
नन्हे बच्चों की ज़ुबान पर लिखा गया पहला अक्षर चुनूँगा, क्योंकि उस अक्षर में मुझे आने
वाले कल की रोशनी दिखाई देती है।
मेरी नज़र में विद्यारंभ महज़ एक
पुरानी रिवायत नहीं, बल्कि इल्म, मोहब्बत, एतबार और इंसानी रिश्तों की एक ऐसी ख़ूबसूरत दास्तान है जो हर साल नए
बच्चों के साथ नए सिरे से लिखी जाती है। चावल की थाली पर उभरने वाले अक्षर मिट सकते हैं, शहद या नारियल के पानी की मिठास वक़्त के
साथ ज़ुबान से उतर सकती है, मंदिर के मंत्रों की गूँज कुछ देर बाद ख़ामोशी में बदल सकती है, लेकिन उस पहले अक्षर से जुड़ी यादें और
उस लम्हे में महसूस की गई मोहब्बत उम्रभर दिल में बाक़ी रह सकती है। मैं चाहता
हूँ कि मेरे तलबा/छात्र अपनी तमाम तालीमी कामयाबियों के
साथ इस छोटी-सी ख़ुशी को भी अपनी ज़िंदगी का हिस्सा बनाएँ। जब उनके अपने बच्चे
इल्म की राह पर पहला क़दम रखें, तो उन्हें
अपने गुरु की याद आए; जब वे अपने बच्चों का हाथ थामें, तो उन्हें उन दिनों की याद आए जब
उन्होंने ख़ुद पहली बार किताब का हर्फ़ पहचाना था; और जब वे अपने बच्चों के मुस्तक़बिल के लिए दुआ करें, तो इस बात को भी याद रखें कि इल्म
की रौशनी जितनी आगे बढ़ेगी, इंसानियत की दुनिया उतनी ही रौशन
होगी।
और जब तक मेरी साँसों में दम है, जब तक मेरे लिए विद्यारंभ
की सबसे बड़ी ख़ूबसूरती यही है कि यहाँ एक बच्चे की ज़िंदगी का नया सफ़र शुरू होता
है, मगर उस सफ़र में सिर्फ़ बच्चा अकेला नहीं होता। उसके साथ माँ-बाप की दुआएँ
चलती हैं, परिवार की उम्मीदें चलती हैं, समाज की रिवायतें
चलती हैं और गुरु की वह ख़ामोश ज़िम्मेदारी भी चलती है जो उसे हर नई नस्ल तक इल्म की रौशनी
पहुँचाने के लिए पुकारती रहती है।
मेरे हाथों में किसी बच्चे की नन्ही
उँगली थामने की ताक़त बाक़ी है, जब तक मेरी ज़ुबान पर इल्म और तालीम की
बात करने का हौसला बाक़ी है, मैं इस रिवायत को मोहब्बत के साथ
निभाता रहूँगा। मेरे लिए यही इबादत है, यही ख़िदमत है, यही मेरी ज़िंदगी का
सुकून है और यही मेरी सबसे बड़ी कामयाबी है।
क्योंकि डिग्रियाँ इंसान की तालीम का पता देती हैं, मगर बच्चों की
ज़ुबान पर लिखा गया पहला अक्षर उसके दिल में
ज़िंदा मोहब्बत की गवाही देता है।
Prof (Dr) Manu
MA(Hin), MA(Eng), MA(Urdu), PGDT, PGDPR, PGDTM ,PGCMHT, PGCGPS, M.Phil, Ph. D
Former Lecturer & NSS Officer, M.G Govt. Arts College, Mahe ,
Union Territory of Pondicherry,
Former Professor of Sree Sankaracharya University, Kalady, Kerala,
Professor & Former Head of the Department of Hindi & Comparative Literature, Central University of Kerala, Kasaragod
Dean of Language & Literature, Kannur University, Kannur
Official Language Member, Ministry of Road Transport and Highways & Ministry of Mines, Govt. of India, New Delhi














विद्यारंभ जीवन की एक सुंदर शुरुआत है, जो हमें ज्ञान और सही दिशा की ओर ले जाती है। इस लेख में इस पावन अवसर की महत्ता को बहुत अच्छे ढंग से प्रस्तुत किया गया है। 🌸🙏
जवाब देंहटाएंहार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ सर... 🙏🍁
जवाब देंहटाएंइस टिप्पणी को लेखक द्वारा हटा दिया गया है.
जवाब देंहटाएंविद्यारम्भ पर आपका यह लेख बहुत सुंदर और भावपूर्ण है। माँ सरस्वती की आराधना, बच्चों का उत्साह और भारतीय परंपराओं की झलक मन को छू लेती है। आपने इस पावन संस्कार की महत्ता को बहुत सहजता से प्रस्तुत किया है। माँ सरस्वती सभी बच्चों को ज्ञान और उज्ज्वल भविष्य का आशीर्वाद दें।
जवाब देंहटाएं
जवाब देंहटाएंबेहद ख़ूबसूरत और दिल को छू लेने वाली तहरीर। इल्म, अदब, मोहब्बत और उस्ताद-शागिर्द के रिश्ते की रूह को आपने जिस ख़ूबसूरती से अल्फ़ाज़ में ढाला है, वह क़ाबिले-तारीफ़ है। ख़ास तौर पर “पहला अक्षर” को ज़िंदगी की सबसे बड़ी कामयाबी मानना एक सच्चे उस्ताद के ख़ुलूस और तालीम के प्रति उनकी वफ़ादारी को बख़ूबी बयान करता है। ऐसी तहरीरें सिर्फ़ पढ़ी नहीं जातीं, बल्कि दिल में उतर जाती हैं। 🌹